लौकी से बनाएं गुजराती मुठिया, बच्चों को पसंद आएगा हेल्दी स्नैक

Jul 23, 2026 - 14:30
 0  0
लौकी से बनाएं गुजराती मुठिया, बच्चों को पसंद आएगा हेल्दी स्नैक

 भारतीय खाने में कई ऐसी चीजे हैं, जो हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है. मगर हेल्दी खाना बच्चों को बिल्कुल पसंद नहीं आता है. फ्रिज में मौजूद लौकी एक ऐसी सब्जी है, जिसे देखकर अक्सर बच्चे मुंह बनाने लगते हैं. लेकिन अगर इसे थोड़े अलग और अलग तरीके से बनाया जाए, तो बच्चे भी इसे खुशी-खुशी खा सकते हैं. ऐसे में आप गुजराती स्टाइल की टेस्टी और हेल्दी लौकी मुठिया  रेसिपी ट्राई कर सकते हैं.

गुजराती मुठिया एक फेमस स्नैक है, जिसे आमतौर पर सब्जियों, आटे और मसालों से तैयार किया जाता है. इस रेसिपी को लौकी, ज्वार का आटा और सूजी से बनाया जाता है, जिससे यह टेस्टी होने के साथ-साथ काफी पौष्टिक भी बनती है. पहले मुठिया को भाप में पकाया जाता है और फिर हल्के तड़के के साथ सेंककर बाहर से हल्का क्रिस्पी बनाया जाता है. आइए आपको लौकी मुठिया बनाने का आसान तरीका बताते हैं.

लौकी मुठिया बनाने के लिए सामग्री
    1 कप कद्दूकस की हुई लौकी
    ½ कप ज्वार का आटा
    ⅓ कप सूजी
    2.5 बड़े चम्मच दही
    2.5 बड़े चम्मच प्रोटीन पाउडर (अगर आप चाहे)
    ½ कप बारीक कटा हरा धनिया
    1.5 बड़े चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
    ½ बड़ा चम्मच अजवाइन
    1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
    1.5 छोटा चम्मच नमक
    1.5 छोटा चम्मच जीरा-धनिया पाउडर
    1.5 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
    ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
    ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
    1.5 छोटा चम्मच गुड़
    1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
    ½ बड़ा चम्मच तेल
    एक चुटकी बेकिंग सोडा (अगर घर पर हो)

तड़के के लिए
    1.5 बड़े चम्मच मूंगफली का तेल
    1 छोटा चम्मच राई
    2 बड़े चम्मच सफेद तिल
    ½ छोटा चम्मच हींग
    8-10 करी पत्ते
    बारीक कटा हरा धनिया

कैसे बनाएं गुजराती स्टाइल लौकी मुठिया?
    सबसे पहले लौकी को धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें. अब एक बड़े बर्तन में कद्दूकस की हुई लौकी डालें. इसमें अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, बारीक कटा हरा धनिया, दही, अजवाइन, सफेद तिल, नमक, जीरा-धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला, गुड़ और नींबू का रस डालें.
    इसके बाद इसमें ज्वार का आटा, सूजी और प्रोटीन पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अब सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर नरम आटा तैयार करें. ध्यान रखें कि आटा बहुत सूखा नहीं होना चाहिए.
    लौकी और दही की नमी से ही आटा गूंथने की कोशिश करें. अगर जरूरत पड़े तो  आप थोड़ा पानी डाल सकते हैं. आटा ऐसा होना चाहिए कि वह सॉफ्ट रहे, लेकिन हाथ से आसानी से शेप दिया जा सके. आखिर में इसमें तेल और चाहें तो एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें.
    अब तैयार मिक्सर को लंबा रोल या मुठिया का शेप दें. स्टीमर की प्लेट को थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें और मुठिया को इसमें रखें. मीडियम आंच पर मुठिया को करीब 20 से 25 मिनट तक भाप में पकाएं.
    यह चेक करने के लिए कि मुठिया अच्छी तरह पक गई है या नहीं, इसमें चाकू या टूथपिक डालकर देखें. अगर वह लगभग साफ निकल आए, तो मुठिया तैयार है. इसे कुछ देर ठंडा होने दें और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.

ऐसे लगाएं मुठिया में तड़का
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे, तो तिल, हींग और करी पत्ते डालकर तड़का लगाएं. अब इसमें कटे हुए मुठिया के टुकड़े डालें और मीडियम-हाई आंच पर पकाएं. इन्हें बीच-बीच में हल्के हाथ से चलाते रहें, जब तक कि मुठिया की बाहरी परत हल्की क्रिस्पी और गोल्डन न हो जाए. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गरमागरम सर्व करें.

प्रो टिप्स:
    लौकी को कद्दूकस करने के बाद उसका पानी न निचोड़ें, क्योंकि इसी नमी से आटा तैयार करने में मदद मिलेगी.
    आटा बहुत ज्यादा सख्त न गूंथें, वरना मुठिया सख्त हो सकती है.
    मुठिया को अच्छी तरह भाप में पकाना जरूरी है.
    तड़के के बाद मुठिया को हल्का क्रिस्पी करने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
    बच्चों के लिए बनाते समय हरी मिर्च और लाल मिर्च की मात्रा स्वादानुसार कम कर सकते हैं.

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0